UPSC EPFO Result 2024: हरियाणा के छोरे सचिव नेहरा ने सहायक भविष्य निधि आयुक्त की परीक्षा में देश में पहला स्थान हासिल किया है। मंगलवार को जब सचिव अपने घर पहुंचे तो उनका परिवार के लोगों ने जोरदार स्वागत किया गया। परिवार के लोग उनकी इस सफलता से काफी खुश हैं।
दरअसल, जींद के अर्बन इस्टेट निवासी सचिव अभी इनकम टैक्स विभाग दिल्ली में इंस्पेक्टर के रुप में काम कर रहे हैं। वह मूल रुप से नारनौंद के रहने वाले हैं। उनके पिता डॉक्टर वेदपाल नेहरा गांव में एक अस्पताल चलाते थे। पिछले दिनों उनका निधन हो गया। वहीं उनकी माता साक्षी नेहरा गृहणी हैं। सचिव नेहरा की बहन सुविधा जींद में स्टाफ नर्स हैं। सचिव नेहरा का परिवार दो साल से जींद में ही रह रहा है।
सचिव नेहरा ने संघ लोक सेवा आयोग की सहायक भविष्य निधि आयुक्त की परीक्षा में ऑल इंडिया में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि वह अपनी नौकरी के साथ ही यूपीएससी की तैयारी भी कर रहे थे।
उन्होंने दो बार आईएएस के लिए भी परीक्षा दी। लेकिन, सफल नहीं हो पाए। इसके बाद उन्होंने UPSC EPFO की परीक्षा दी। इसमें उन्होंने पहली रैंक हासिल की है। अब वह सहायक भविष्य निधि आयुक्त बनकर देश की सेवा करेंगे।