Gold Price: इस साल सोने की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है। खबरों की मानें, तो जनवरी से लेकर जुलाई माह तक सोने की प्रति 10 ग्राम कीमत 10,620 रुपए से ज्यादा बढ़ चुकी है। वहीं कीमत बढ़ने के मामले में चांदी भी पीछे नहीं है। इस साल चांदी 18,160 रुपए बढ़ चुकी है।
दरअसल, इस साल की शुरुआत में सोना 63,352 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो जुलाई माह में 73,979 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। सोने की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि, सोने की कीमत में हल्की गिरावट देखने को मिल जाती है। लेकिन, इससे इसके दामों पर कोई ज्यादा असर नहीं पड़ता है। इसके अलावा चांदी की बात करें तो जनवरी में चांदी की कीमत 73,395 रुपए प्रति किलो थी। जो अब 91,555 रुपए प्रति किलोग्राम हो गए है।
सोना खरीदते समय इन बातों का जरूर रखना चाहिए ध्यान
1. हमेशा सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
आज के समय में सोना काफी महंगा हो गया है। कुछ दुकानदार मिलावटी सोना भी बाजार में बेच रहे हैं। ऐसे में आप हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड सोना ही खरीदें। BIS सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड रहता है। इसे हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक इस तरह होता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना आसान होता है कि सोना कितने कैरेट है। अगर आप हॉलमार्क का सोना खरीदेंगे तो दुकानदार आपको नकली सोना नहीं बेच पाएंगे।
2. कैश में कभी न खरीदें सोना
सोना खरीदते वक्त कैश पेमेंट की जगह आप UPI और डिजिटल बैंकिंग से भुगतान कर सकते हैं। वहीं अगर आप चाहें तो डेबिट या क्रेडिट कार्ड से भी पेमेंट कर सकते हैं। इससे आपके पास प्रूफ होगा कि आपने दुकानदार को कितने पैसे ट्रांसफर किए है। इसके अलावा आपको सोना खरीदते समय बिल जरूर लेना चाहिए।
3. सोना खरीदते समय जरूर क्रॉस चेक करें कीमत
अगर आप सोना खरीदने जा रहे हैं तो एक बार कीमत जरूर क्रॉस चेक कर लें। इससे आपके साथ किसी भी तरह का धोखा नहीं होगा। अगर आपको सोने के भाव के बारे में सटीक जानकारी होगी तो ज्वैलर आपको नहीं ठग पाएंगे। आप सोनी की कीमत को ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके अलावा इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट पर भी क्रॉस चेक कर सकते हैं।
4. कैरेट के हिसाब से होता है सोने का भाव
बता दें कि सोने का भाव कैरेट के हिसाब से होता है। सोने को उसकी शुद्धता के हिसाब से तीन तरह के कैरेट में बांटा गया है। जैसे 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट। उसी के हिसाब से सोने का भाव अलग-अलग होता है। 24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना जाता है। हालांकि, इसकी ज्वेलरी नहीं बन पाती है। क्योंकि यह काफी मुलायम होता है।