Viral Video: इन दिनों देशभर में बारिश का दौर लगातार जारी है। कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन चुके है। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसा ही हाल यूपी में भी है। मौसम की मार के बीच लखीमपुर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसे देख हर किसी की आंखे नम हो गयी। यहां बीमारी का इलाज न हो पाने के कारण एक 15 साल की युवती की मौत हो गयी। भाई अपनी बहन की लाश को कंधे पर लिए घर लौट आए।
जानकारी के मुताबिक ये घटना मैलानी थाना क्षेत्र के एलनगंज की है। यहां रहने वाली 15 साल की शिवानी पढ़ाई कर रही थी। 9 जुलाई को उसकी तबियत बिगड़ गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया, लेकिन डॉक्टर्स ने कहा कि उसे बेहतर इलाज के लिए लखीमपुर ले जाना होगा।
उप्र के लखीमपुर से एक दुखद समाचार मिला है कि बाढ़ के कारण सही समय पर अस्पताल न पहुँच पाने से एक लड़की की मृत्यु हो गई। लाचार भाई ने अपनी बहन को कंधे पर लादकर अस्पताल ले जाने का भरसक प्रयास किया लेकिन रास्ते में ही बहन की मौत हो गई।
सरकार से अपेक्षा है कि वो बाढ़ के हालातों में… pic.twitter.com/SX1lGzwntr
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) July 12, 2024
मगर बारिश की वजह से शारदा नदी में बाढ़ आ गई थी, इस कारण रास्ते बंद हो गए। शिवानी के भाई उसे कंधे पर उठाते हुए निकल गए, मगर समय से लखीमपुर नहीं ले जा सके, इस दौरान उसकी मौत हो गई। बहन की मौत के बाद अस्पताल से घर जाने के लिए भी कोई वाहन उपलब्ध नहीं था। ऐसे में शिवानी के दोनों भाइयों ने उसे कंधे पर उठाया और बारी-बारी से लेकर घर तक गए। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
अखिलेश यादव ने शेयर किया वीडियो
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, उप्र के लखीमपुर से एक दुखद समाचार मिला है कि बाढ़ के कारण सही समय पर अस्पताल न पहुँच पाने से एक लड़की की मृत्यु हो गई। लाचार भाई ने अपनी बहन को कंधे पर लादकर अस्पताल ले जाने का भरसक प्रयास किया लेकिन रास्ते में ही बहन की मौत हो गई। सरकार से अपेक्षा है कि वो बाढ़ के हालातों में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त इंतज़ाम करे और याद रखे ग़रीब के जीवन का भी कोई मोल होता है।