Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून के बाद भी अच्छी बारिश नहीं हो रही है। जिसकी वजह से कई जिलों का तापमान 40 डिग्री से भी ऊपर पहुंच गया है और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें, तो प्रदेश में अगले 3 दिन में बारिश हो सकती है। रविवार रात से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। आज से 24 जुलाई तक झमाझम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में बारिश कम होने का मुख्य कारण यह है कि मानसून ट्रफ का दक्षिण की ओर बने रहना है। अगले दिनों में पाकिस्तान पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। ऐसे में मानसून ट्रफ की अक्षय रेखा दक्षिण से उत्तर की ओर बढ़ रही है।
इस वजह से हरियाणा में बन रही बारिश होने की संभावना
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने प्रदेश में बारिश आने को लेकर अपना बयान जारी किया है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना से हवाएं उत्तर की की ओर बढ़ने की संभावना है, जिससे हरियाणा में बारिश 21 जुलाई देर रात के बाद बढ़ने की उम्मीद है। ज्यादातर क्षेत्रों में 22 से 24 जुलाई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश आने का भी अनुमान है।
बता दें कि अभी तक हरियाणा में केवल 36 प्रतिशत से भी कम बारिश हुई है। यहां मानसून के मौसम में केवल 94.2 मिलीमीटर बारिश ही रिकॉर्ड की गई। वहीं बारिश न होने की वजह से तापमान बढ़ता जा रहा है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है।